प्रदेश भर के परीक्षार्थियों को फिर मिला विवेक मौर्य का साथ, 150 से अधिक अभ्यर्थियों के ठहरने-खाने की निःशुल्क व्यवस्था
चार वर्षों में 10 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की कर चुके हैं मदद, नारायण फाउंडेशन की पहल की अभ्यर्थियों ने की सराहना
राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर
अम्बेडकरनगर। समाजसेवा के क्षेत्र में जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुकी सामाजिक संस्था नारायण फाउंडेशन ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षार्थियों की मदद के लिए सराहनीय पहल की। विवेक मौर्य के नेतृत्व में संस्था ने UPSSSC PET 2026 की परीक्षा देने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से अम्बेडकरनगर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क ठहरने, भोजन, आवागमन और विश्राम की व्यवस्था की। इस पहल से 150 से अधिक परीक्षार्थियों को राहत मिली।नारायण फाउंडेशन द्वारा 25, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर 2026 को आयोजित UPSSSC PET परीक्षा में अम्बेडकरनगर केंद्र पर परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के लिए मौर्य स्टेट एवं जगत पैलेस गेस्ट हाउस, मौर्य चौराहा, रामपुर कलां, टांडा में निःशुल्क व्यवस्था की गई। संस्था के पदाधिकारियों एवं मौर्य स्टेट के प्रबंधक दयानंद मौर्य ने परीक्षा की पूर्व संध्या पर अभ्यर्थियों का स्वागत किया। उनके रात्रि विश्राम, भोजन तथा सुबह परीक्षा से पहले नाश्ते का भी इंतजाम किया गया। साथ ही परीक्षा केंद्र तक आवागमन के लिए वाहनों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई।