उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पनकी थाने में तत्कालीन थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह पर जूते से मारपीट करने का आरोप लगाकर सुर्खियों में आए सत्यम त्रिवेदी को अब समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सत्यम त्रिवेदी को समाजवादी छात्र सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव नामित किया गया है। 2 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के बाद कानपुर के राजनीतिक गलियारों में उनकी नियुक्ति चर्चा का विषय बन गई है।
समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान की ओर से जारी मनोनयन पत्र में सत्यम त्रिवेदी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव बनाए जाने की घोषणा की गई है। नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि सत्यम त्रिवेदी समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को मजबूती और गतिशीलता प्रदान करेंगे।
थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह पर लगाया था मारपीट का आरोप
सत्यम त्रिवेदी उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने पनकी थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह पर जूते से मारने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद सत्यम त्रिवेदी ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान उन्होंने रो-रोकर अखिलेश यादव को अपने साथ हुई कथित घटना की आपबीती सुनाई थी। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। तत्कालीन थानाध्यक्ष पर लगाए गए आरोप उस समय चर्चा का विषय बने रहे।
अब राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली जगह
जिस सत्यम त्रिवेदी ने पुलिस के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हुए तत्कालीन थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे, अब उन्हें समाजवादी पार्टी के छात्र संगठन में राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिली है। इस नियुक्ति को उनके राजनीतिक सफर का अहम पड़ाव माना जा रहा है।
मनोनयन पत्र की प्रतिलिपि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और कानपुर नगर के जिलाध्यक्ष/महानगर अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
अब सत्यम त्रिवेदी के सामने राष्ट्रीय स्तर पर छात्र संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। कानपुर के एक स्थानीय कार्यकर्ता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिलने से उनके समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर