उत्तर प्रदेश (दैनिक कर्मभूमि) अंबेडकर नगर
अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत गौहन्ना हाईवे के निकट शुक्रवार देर रात बरातियों से भरी जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे से मौके पर चीख पुकार मच गई। अफरातफरी के बीच यात्रियों को जीप से निकाला गया।
घटना में सात बरातियों को गंभीर चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर अन्य मार्ग हादसों में दो व्यक्ति घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना अन्तर्गत कैथी जलालपुर गांव से शुक्रवार देर शाम अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत गौसपुर गांव में बरात आई हुई थी। वैवाहिक आयोजन के बाद देर रात कुछ बराती जीप से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जब वे सभी गौहन्ना हाइवे के निकट पहुंचे, तो इसी बीच उधर से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
चीख पुकार के बीच आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। जीप में फंसे बरातियों को बाहर निकाला गया। घटना में कैथी जलालपुर निवासी गुड्डू वर्मा (28) पुत्र रामजनम, नीजेश (32), पंकज (29), विजय (33), कामता प्रसाद (25), राकेश (32), राजेंद्र (30) को गंभीर चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गुड्डू को लखनऊ रेफर कर दिया गया।उधर अन्य मार्ग हादसों में दो व्यक्ति घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत अरिया पहाड़पुर गांव निवासी जगदीश (35) शुक्रवार देर शाम बाइक से एक वैवाहिक आयोजन में भाग लेकर घर लौट रहा था। गांव के निकट उधर से गुजर रही जीप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। जहांगीरगंज थाना अन्तर्गत सहसा गांव निवासी राजू (45) शनिवार सुबह घर के निकट उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहा था।
रिपोर्ट -विमलेश विश्वकर्मा अंबेडकर नगर
You must be logged in to post a comment.