उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,14 फरवरी 2021 देश में फ्रेंच मार्शल आर्ट स्वात के आगमन को अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है लेकिन अपनी फाइटिंग स्किल के चलते इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। इसको देखते हुए स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश ने योजना बनाई है कि अगले दो महीने के अंदर यूपी में एक टेक्नीकल रेफरी सेमिनार कराया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज दीक्षित और महासचिव केबी पंत ने बताया कि जल्द ही यूपी में स्वात की स्टेट चौंपियनशिप भी करायी जाएगी ताकि इस आर्ट की स्किल से यूपी के खिलाड़ी रूबरू हो सके। इस दौरान उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों को मान्यता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया। अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज दीक्षित ने बताया कि अभी कोरोना प्रोटोकाल के चलते जिन नियमों के चलते आयोजन की अनुमति है, उसके साथ चौंपियनशिप कराएंगे। हालांकि अभी काम्बैट इवेंट की अनुमति नहीं है लेकिन उम्मीद है कि जैसे-जैसे चीजे सामान्य होगी इसकी भी मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि टेक्नीकल सेमिनार और स्टेट चौंपियनशिप के लिए जल्द ही तारीख का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर आनंद किशोर पाण्डेय (सह सचिव, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन) को एसोसिएशन का स्पोर्ट्स कमीशन का चेयरमैन बनाने का भी ऐलान किया। महासचिव केबी पंत ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अभी स्वात एसोसिएशन की 15 जिले में यूनिट है। इसके साथ ही यूपी के कई खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल स्तर भी स्वात में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अभी हमारी दस जिलों-लखनऊ, बाराबंकी, लखीमपुर-खीरी, बहराईच, आगरा, गौतमबुद्धनगर, गाजीपुर, फैजाबाद, औरेया और कानपुर में विधिवत गठन हो गया है। उन्होंने बताया कि स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज दीक्षित (पूर्व कुलपति, राममनोहर लोहिया यूनिवर्सिटी अयोध्या) बनाए गए है। इसके साथ केबी पंत महासचिव, कमल जोशी कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, सुधीर कुमार शर्मा मुख्य प्रशिक्षक और सतेंद्र कुमार त्रिपाठी व अमित कुमार सिंह कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में इस फ्रेंच मार्शल आर्ट का तेजी से प्रचार हो रहा है और उन्होंने स्वात एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों व खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामना दी।
रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली
You must be logged in to post a comment.