उत्तर प्रदेश ( दैनिक कर्मभूमि) जौनपुर
खेतासराय। जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय के निकट ग्राम प्रधान राजकुमार यादव की मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन ग्राम प्रधान को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या से नाराज ग्रामीणों ने कोइरीडीहा बाजार में जौनपुर शाहगंज स्टेट हाईवे जाम कर दिया। जाम से वाहनों की कतार लग गई। भीड़ ने आधा दर्जन वाहनों पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
शाहगंज विकास खंड के मखमेलपुर ग्राम सभा के ग्राम प्रधान राजकुमार यादव उम्र 45 वर्ष अपराहन 3:00 बजे अपनी बाइक से जौनपुर जिला मुख्यालय जा रहे थे। इस दौरान दो बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर सरेआम गोली मार दी। इसके बाद बदमाश बड़े ही आराम से हवा में असलहा लहराते हुए फरार हो गए।गोली लगते ही ग्राम प्रधान की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। लोगों ने पुलिस और ग्राम प्रधान के परिजनों को सूचना दी आनन-फानन में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई।
हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम प्रधान की हत्या से आक्रोशित उनके सैकड़ों समर्थकों ने कोइरीडीह बाजार में शाहगंज जौनपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम से वाहनों की कतार लग गई । इस दौरान जो भी वाहन मौके पर दिखे, भीड़ ने उस पर पथराव कर दिया। पथराव के चलते कई वाहनों के शीशे टूट गए, लोगों के सिर फूट गए। दरअसल ग्राम प्रधान की हत्या जहां हुई है, इसी थाना क्षेत्र में स्थित पूर्वांचल विद्यालय में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए एक दिन पहले से आई हुई हैं। राज्यपाल की सुरक्षा के मद्देनजर खुद एडीजी वाराणसी जोन बृजभूषण सिंह, जौनपुर के पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर के साथ दर्जन भर थानाध्यक्ष भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर तैनात हैं।
स्थानीय अभिसूचना इकाई की पुलिस टीम भी लगाई गई है । बावजूद इसके कुख्यात बदमाशों ने जौनपुर में दिनदहाड़े ग्राम प्रधान को सरेआम गोलियों से भून कर जौनपुर पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।
You must be logged in to post a comment.