सपा ने बनाए कब्रिस्तान और भाजपा ने गरीबों के बनाए मकान- अर्चना

उत्तर प्रदेश ( राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि)जौनपुर

जौनपुर (मुंगरा बादशाहपुर)। समाजवादी पार्टी के सरकार में केवल कब्रिस्तान ही बनाए गए थे जबकि योगी सरकार ने गरीबों का मकान बनाने का काम किया। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र पर कार्य करती है। जबकि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 5 साल केवल कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने में बिता दिए। उक्त बातें मुंगरा बादशाहपुर कस्बे में भाजपा लाभान्वित जनसंपर्क के दौरान किसान मोर्चा की क्षेत्रीय प्रांत मंत्री अर्चना शुक्ला ने कहीं। उन्होंने कहा कि यदि सपा को फिर मौका मिला तो वो 5 साल कब्रिस्तान की कब्रों को पक्का करवाने में बिता देंगे। उन्होंने भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम गुप्ता व उपाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता (पिंटू) के साथ मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए लाभार्थियों के घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। और उन्हें टीका लगाकर अभिनंदन करते हुए भाजपा का पत्रक सौंपा। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी फिर से उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार लगातार जनहित के कार्य कर रही है जिसका लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को मिल रहा है। संपर्क अभियान में मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता, किसान मोर्चा अध्यक्ष विनय सिंह (पिंटू), उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम गुप्ता, महामंत्री रंजीत भोजवाल, अतुल त्रिपाठी, राजीव जायसवाल, राजकुमार , राम यशमौर्या व जमुना आदि मौजूद रहे।