गुणवत्तायुक्त हो समस्याओं का निस्तारण,डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मंगलवार को जनता दर्शन के तहत कलेक्ट्रेट स्थित अपने सभाकक्ष में लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सम्बंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त समस्याओं एवं आईजीआरएस पोर्टल व सीएम हेल्पलाइन आदि के माध्यम से प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण हो तथा इसमें लापरवाही न बरती जाएं। निस्तारण के बाद निस्तारण के सम्बंध में शिकायतकर्ता को भी सूचित किया जाए ताकि वह पुनः अपनी शिकायत लेकर उपस्थित न हो। कहा कि यदि शिकायतकर्ता की शिकायत के संबंध में दोबारा उपस्थित होता है, तो संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने कार्यालय में प्रतिदिन प्रातः 10 से 12 बजे तक बैठकर जनता की शिकायतों को सुनें और निस्तारित कराएं। कहा कि अपने अधीनस्थों द्वारा शिकायत के संबंध में प्रस्तुत आख्या की रेंडम चेकिंग कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं और संबंधित शिकायतकर्ता को लिखित रूप से उनकी शिकायत के निस्तारण के संबंध में भी अवगत कराया जाए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर बहादुर सिंह, अपर उपजिलाधिकारी राजबहादुर सहित अन्य अधिकारी एवं शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट