सपा के सदस्यता अभियान की पूर्व एमएलसी ने की शुरुआत

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: समाजवादी पार्टी प्रदेश में जनाधार को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चलाएगी। मंगलवार को पूर्व एमएलसी एवं जिले में सदस्यता अभियान के प्रभारी उदयवीर सिंह ने पार्टी कार्यालय में अभियान की शुरुआत की। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत की और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।

पूर्व एमएलसी ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 800 नए सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य है। प्रत्येक सक्रिय सदस्य अपने क्षेत्र में 50 नए सदस्य बनाएगा। उदयवीर ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी और अध्यक्षों का चुनाव होना है। इस मौके पर पूर्व एमएलसी ने भाजपा पर जमकर आरोप लगाए। कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबा देती है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगाए। कहा कि जांच एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं। भाजपा सरकार सिर्फ उद्योगपतियों को पाल रही है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। इसके बावजूद आरोपियों के विरुद्ध सरकार कुछ नहीं कर रही है। महंगाई अपने चरम पर है। भाजपा इसे स्वीकार नहीं कर रही है। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव, सदर विधायक अनिल प्रधान, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरी शंकर मिश्रा, भइया लाल यादव, जिला महासचिव फराज खान, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल, गुलाब खान आदि मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट