जिला पंचायत अध्यक्ष ने 194 विद्यार्थियों को बांटे स्मार्टफोन 

उत्तर प्रदेश(दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा और शिक्षार्थियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डिजी शक्ति योजना के अंतर्गत केदारनाथ रामस्वरूप महाविद्यालय एवं केदारनाथ जगन्नाथ महाविद्यालय खटवारा के बीएड संकाय के 194 छात्र-छात्राओं को भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे व जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने स्मार्टफोन वितरित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा महत्वाकांक्षी योजनाएँ प्रदेश में चलाई जा रही हैं। जिसमें छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डिजी शक्ति योजना चालू की गई है। जिसमें छात्र-छात्राएं गूगल ऐप के माध्यम से सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। स्मार्टफोन जहाँ एक तरफ वरदान सिद्ध होता है वहीं दुरुपयोग करने पर अभिशाप भी बन सकता है। इस फोन का सदुपयोग एक महत्वाकांक्षी योजना के तहत केवल शिक्षा के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि केदारनाथ रामस्वरूप महाविद्यालय में 101 तथा केदारनाथ जगन्नाथ महाविद्यालय खटवारा में 93 स्मार्टफोनों का वितरण किया गया है तथा शेष आगे भी इस महत्वाकांक्षी योजना का कार्यक्रम चलता रहेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल इण्डिया, वन इण्डिया को विकसित देश बनाने के लिए एक विशेष पहल है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कहकर छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए तथा देश के हर नागरिकों को धार्मिक, राजनैतिक तथा देश को विकसित व विकासशील बनाने के लिए हर समय प्रेरणा देते रहते हैं।

इस मौके पर केदारनाथ रामस्वरूप महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ आनन्द मिश्रा व प्राचार्य डॉ लक्ष्मीकांत मिश्र, डॉ मनीषा मिश्रा, मनीष द्विवेदी, मृत्युंजय मिश्रा, आशीष द्विवेदी, प्रकृति विश्वकर्मा तथा केदारनाथ जगन्नाथ के प्रबंधक वीरेन्द्र द्विवेदी, प्राचार्य अखिलेश द्विवेदी, जितेन्द्र द्विवेदी, धीरेन्द्र द्विवेदी, छेदीलाल गोस्वामी तथा साँसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, ब्लाक प्रमुख गंगाधर मिश्र, व्यापारी नेता पंकज अग्रवाल, शिवपूजन गुप्ता आदि मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

जनपद चित्रकूट