प्रभारी मंत्री ने की कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा

राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) उत्तर प्रदेश।चित्रकूट। उत्तर प्रदेश सरकार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में एवं मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर की उपस्थिति में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक कलेक्रेेट सभागार में हुई।

प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में जिन सम्बन्धित विभागों को शासन द्वारा राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया है, उसे शत-प्रतिशत कराएं। प्रदेश का विकास बिना राजस्व के नहीं हो सकता, राजस्व से ही पूरा प्रदेश चलता है। खनिज, परिवहन, वाणिज्य कर विभाग और प्रयास करें तो राजस्व बढ़ सकता है। वाणिज्यकर पर अधिक फोकस करने की जरूरत है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को सख्त निर्देश दिए कि जनपद में विद्युत व्यवस्था बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए निचले स्तर के अधिकारियों, कर्मचारियों की समीक्षा करें। अगर कहीं पर कोई अधिकारी व कर्मचारी लापरवाही कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए। अगर सुधार नहीं हुआ तो आप लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। यह जनपद आकांक्षी जनपद के रूप में सरकार द्वारा घोषित किया गया है। इस जनपद के विकास के लिए मुख्यमंत्री लगातार प्रयासरत हैं। यह धार्मिक क्षेत्र है, पर्यटन तथा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में चित्रकूट के विकास के लिए 5 हजार करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिस प्रकार से प्रदेश सरकार विकास चाहती है, उसी के अनुसार सभी अधिकारी कार्य करें। पर्यटन के विकास कार्य की प्रगति धीमी है, इसे बढ़ाया जाए। नल से जल की जो योजना है, यह भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें प्रगति कराकर चित्रकूट की जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बुंदेलखंड में पहले से ही पेयजल की समस्या रही है। मानवीय दृष्टि अपनाते हुए लोगों को पेयजल उपलब्ध कराएं। किसानों की उपज कैसे बढ़े इसमें भी सभी सम्बन्धित अधिकारी ध्यान दें। किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश व देश समृद्ध होगा। इसीलिए प्रत्येक माह कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा की जाती है कि विकास कार्य में प्रगति हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्य में प्रदेश व देश में चित्रकूट जनपद नंबर एक पर आए इसमें सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, तभी जनपद में बेहतर विकास कार्य होंगे। अधिकारी अपने दायित्वों के साथ अपने विभागीय कार्यों को बेहतर करें। सरकार का लक्ष्य है कि केन्द्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाएं जनता के बीच पहुंचाने पर कार्य किया जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशों को शासकीय गौशालाओं पर शत प्रतिशत संरक्षित कराया जाए ताकि किसानों की फसलों का नुकसान न हो, जो गौशाला निर्माणाधीन है, उन्हें तत्काल पूर्ण कराएं। साथ ही जो प्राइवेट गौशाला विभिन्न माध्यमों से चलाई जा रही हैं, जो अब बंद है, उनकी भी जांच कर संचालित कराएं। प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड सत्येंद्र नाथ से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सड़कों के निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण होना चाहिए। सेतुओं के निर्माण में प्रगति कराएं। इस पर जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने बताया कि सेतुओं के निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी से कहा कि आई फ्लू की बीमारी इस समय चल रही है। इसको देखते हुए अभियान चलाकर स्वास्थ्य कैंप लगाकर जांच कराएं। धूम्रपान व तंबाकू के सेवन पर भी लोगों को जागरूक किया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि गरीब बच्चों के प्रवेश के लिए जो सरकारी योजना चलाई है, उसमें जन जागरूकता करा कर लोगों को लाभान्वित कराया जाए। मानिकपुर विधायक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि मानिकपुर क्षेत्र के मऊ गुरदरी के विद्यालय का फर्नीचर टूटा हुआ है, वहां पर व्यवस्था कराई जाए। साथ ही विद्यालयों में निरीक्षण करके शिक्षा के स्तर में सुधार कराएं।
प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला से जनपद में कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए कहा कि महिला सम्बन्धी उत्पीड़न पर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही होना चाहिए। जनपद में सरकार की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था संचालित रहे।
जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि प्रभारी मंत्री की अपेक्षा के अनुसार जनपद में विकास कार्य कराए जाएं। उन्होंने कहा कि बैठक में जनपद के विकास के लिए जो दिशा निर्देश दिए गए हैं, उसका अक्षरशः पालन कराया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर बहादुर सिंह, जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत बृजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र, भाजपा के जिला महामंत्री आलोक पांडेय, देव त्रिपाठी, रवि त्रिपाठी, शिवाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।