मानकों के विपरीत नई आशा नियुक्तियों को निरस्त करने की मांग, जिलाधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकर नगर। आल आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्त्री सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा तिवारी के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ईशा प्रिया से मुलाकात कर आशा बहुओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मानकों के विपरीत हुई नई आशा नियुक्तियों को निरस्त कर पुरानी और अनुभवी आशाओं की बहाली की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि शासन के नियमों के अनुसार 1000 से 1500 की आबादी पर केवल एक आशा कार्यकर्त्री का पद मान्य है, लेकिन वर्ष 2025-26 में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर नई नियुक्तियां कर दी गईं।

समिति की ओर से बताया गया कि कई आशा कार्यकर्त्रियां 20 वर्षों से अधिक समय से लगातार सेवा दे रही हैं, इसके बावजूद उन्हें हटाकर नई नियुक्तियां की जा रही हैं, जिससे उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि ग्राम प्रधान के प्रस्ताव के बिना नियुक्तियां नहीं की जा सकतीं, फिर भी कई स्थानों पर नियमों का पालन नहीं हुआ।

बैठक के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के बकाया मानदेय के भुगतान और कार्यक्षेत्र में आ रही तकनीकी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष आरती सिंह, सुनीता यादव, मालती यादव और अंजलि सहित अन्य आशा कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply