भीषण गर्मी में सेवा का संदेश, बड़े मंगल पर दिनभर चला शरबत वितरण

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। जेष्ठ माह के बड़े मंगल पर अंबिकापुरम में सेवा और सामाजिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली। वुमन एंपावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी के सौजन्य से आयोजित जल एवं शरबत वितरण कार्यक्रम में राहगीरों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में लोगों को ठंडा पानी और शरबत वितरित किया गया। आयोजन का संचालन रामचंद्र कश्यप, मंजू त्रिपाठी, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी और आरती ने संभाला। स्थानीय नागरिकों और संस्था के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि संस्था से जुड़े छोटे बच्चों ने भी सेवा भावना दिखाते हुए राहगीरों को रोककर अपने हाथों से शरबत पिलाया। इस पहल ने लोगों का ध्यान खींचा और सभी ने बच्चों की सराहना की।
डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि तेज गर्मी में सफर कर रहे लोगों के लिए ठंडा शरबत राहत का काम करता है और ऐसे आयोजन समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अपेक्षा त्रिपाठी, कुणाल, पुष्पा, सेजल, तन्नू, नेहा, प्रकाम्या दुबे, धीरज और विद्या अवस्थी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। राहगीरों ने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की खुलकर प्रशंसा की।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply