ई-रजिस्ट्रेशन पर खत्म हुई तकरार! दस्तावेज लेखक संघ ने वापस ली हड़ताल, शासन ने दिया बड़ा भरोसा

ई-रजिस्ट्रेशन पर खत्म हुई तकरार! दस्तावेज लेखक संघ ने वापस ली हड़ताल, शासन ने दिया बड़ा भरोसा

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

 

अम्बेडकरनगर। प्रदेश के निबंधन कार्यालयों में पिछले कई दिनों से चल रही दस्तावेज लेखकों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। 20 जून 2026 को हुई महत्वपूर्ण वार्ता में शासन और दस्तावेज लेखक संघ के बीच सहमति बनने के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया।बैठक में दस्तावेज लेखक संघ ने ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली, 2024 में दस्तावेज लेखक नियमावली, 1977 के नियम-6 और नियम-7 को शामिल करने तथा ई-रजिस्ट्रेशन से जुड़े कार्यों को निजी संस्थाओं को न सौंपने की प्रमुख मांग उठाई।

वार्ता के दौरान शासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि दस्तावेज लेखक नियमावली, 1977 के नियम-6 और 7 को ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली, 2024 में उचित स्थान पर शामिल करने का प्रस्ताव जल्द ही शासन स्तर पर भेजा जाएगा।इसके साथ ही अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण व्यवस्था का किसी भी स्तर पर निजीकरण नहीं किया जा रहा है। ई-रजिस्ट्रेशन नियमावली, 2024 के तहत निजी संस्थाओं या निजी बिलरों को कार्य सौंपने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।शासन के इस स्पष्ट आश्वासन के बाद दस्तावेज लेखक संघ के पदाधिकारियों ने हड़ताल समाप्त करने पर सहमति जता दी। हड़ताल खत्म होने से प्रदेश भर के निबंधन कार्यालयों में एक बार फिर रजिस्ट्री कार्य सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। साथ ही जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री के लिए परेशान हो रहे आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलने जा रही है।

Leave a Reply