छठ पर छुट्टी बहाल कराने को सड़क पर उतरे संतोष गहमरी, मानव श्रृंखला बनाकर दी आंदोलन की चेतावनी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। छठ पर्व पर स्थानीय अवकाश बहाल कराने की मांग को लेकर सोमवार को भोजपुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी एक बार फिर सड़क पर उतर आए। विजयनगर में उनके नेतृत्व में भोजपुरी समाज के लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से कानपुर में छठ पर्व की छुट्टी दोबारा घोषित करने की मांग की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर में वर्षों तक छठ पर्व पर स्थानीय अवकाश मिलता था, लेकिन पिछले दो वर्षों से इसे समाप्त कर दिया गया है। इससे पूर्वांचल और बिहार मूल के लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का महापर्व है, इसलिए इस दिन अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भोजपुरी महासभा लंबे समय से इस मांग को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि छठ पर्व पर अवकाश बहाल नहीं किया गया तो कानपुर की विभिन्न छठ पूजा समितियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।मानव श्रृंखला में अमित यादव, रमाकांत, दीपु, मनोज, बिल्लू ठाकुर, छोटे लाल, अभिमन्यु यादव, धीरू, पंकज एडवोकेट, सोनू गुप्ता, अनिल एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में भोजपुरी समाज के लोग शामिल रहे। आंदोलन के दौरान लोगों ने छठ पर्व को स्थानीय अवकाश की सूची में फिर से शामिल करने की मांग दोहराई।

 

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply