कथित सट्टा किंग पर दबंगई का आरोप, मारपीट-धमकी के मामले में एफआईआर

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्म भूमि) कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में कथित सट्टा कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति पर दबंगई, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता के अनुसार मामूली विवाद के बाद राहुल जायसवाल, संजय केसरवानी, आनंद जायसवाल और उनके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से उसका अपमान भी किया। घटना के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया,ताकि चोटों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आरोपी कथित रूप से सट्टा कारोबार से जुड़े हुए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।चकेरी पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान यदि नए तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर