राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अंबेडकरनगर। जयराम वर्मा बापू स्मारक इंटर कॉलेज, नाऊसांडा के सहायक अध्यापक राजेन्द्र प्रसाद वर्मा को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, राजेन्द्र प्रसाद वर्मा पर पूर्व छात्रा से जुड़े कथित अनैतिक संबंध, सोशल मीडिया पर वायरल खबरों,अनुशासनहीनता तथा छात्राओं को बहला-फुसलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आदेश में उल्लेख है कि इन आरोपों से संबंधित शिकायतें संस्था प्रबंधन, विभाग और प्रशासन को प्राप्त हुई थीं।प्रबंधन का कहना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए प्रबंध समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रारंभिक जांच के बाद शिक्षक को निलंबित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आरोपों की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो नियमानुसार जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षक को विद्यालय के सामान्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, उन्हें आवश्यकता पड़ने पर जांच समिति अथवा संस्था कार्यालय के समक्ष उपस्थित होना होगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि नियमानुसार उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता एवं अन्य देय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह निलंबन प्रारंभिक प्रशासनिक कार्रवाई है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही मानी जाएगी।