हर पौधा भविष्य का संकल्प: डॉ. प्रतिभा मिश्रा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। वन महोत्सव के अवसर पर बुधवार को कानपुर प्राणि उद्यान स्थित अनुभूति केंद्र में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के अनुभूति केंद्र की ओर से नमामि गंगे, वूमेन एंपावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी, विभा वाणी और गंगा टास्क फोर्स के सहयोग से आयोजित “रूटिंग फॉर आवर फ्यूचर” अभियान में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राणि उद्यान के निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल ने पौधरोपण कर की। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। प्राणि उद्यान प्रशासन सभी पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था करेगा। इस दौरान रेंजर फिरोज खान, वन निरीक्षक सौरभ पाण्डेय, नमामि गंगे के डीपीओ शशांक शुक्ला सहित कई अधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर्णा ठाकुर और निखिल शर्मा ने किया।
अभियान के दौरान टिकोमा, अमलतास, गुलमोहर, चम्पा, बेल, नींबू, गुड़हल और अमरूद सहित 50 से अधिक पौधे लगाए गए। वूमेन एंपावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। वहीं विज्ञान भारती के सचिव सुनील मिश्रा ने कहा कि प्रकृति संरक्षण तभी सफल होगा, जब इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।
करीब 80 लोगों ने अभियान में भाग लेकर पौधों की सुरक्षा और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगी संस्थाओं, अधिकारियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply