उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर बहुजन आर्मी खुलकर सामने आ गई है। संगठन के जिला अध्यक्ष आजाद हितेशहर्ष दिवाकर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की मूल भावना पर सीधा प्रहार बताया।
उन्होंने कहा कि देश का युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहता है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय बल प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में असहमति और शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
बहुजन आर्मी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। आजाद हितेशहर्ष दिवाकर ने कहा कि यदि जांच में अनावश्यक बल प्रयोग की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल छात्रों को बेहतर उपचार, आर्थिक सहायता और उनकी मांगों पर तत्काल सार्थक संवाद शुरू किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि छात्रों को समय रहते न्याय नहीं मिला तो बहुजन आर्मी संविधान और कानून के दायरे में रहकर प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।उन्होंने कहा कि बहुजन आर्मी हमेशा अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ खड़ी रही है। संगठन छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी हर लोकतांत्रिक संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर