उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पुरानी पेंशन की लड़ाई लड़ रहे वर्ष 2004 बैच के विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों ने रविवार को अपनी आवाज विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना तक पहुंचाई। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने महाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और 28 मार्च 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की।प्रदेश उपाध्यक्ष अभय मिश्र ने कहा कि विशिष्ट बीटीसी-2004 के तहत वर्ष 2004 में जारी विज्ञापन के आधार पर प्रशिक्षण के बाद प्रदेश के करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति परिषदीय विद्यालयों में हुई थी। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर विज्ञापन और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों के कारण पुरानी पेंशन का लाभ अटका हुआ है। उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर 2005 के बेसिक शिक्षा विभाग के आदेश में स्पष्ट है कि इन नियुक्तियों के लिए अलग से नया विज्ञापन आवश्यक नहीं था।शिक्षकों ने यह भी कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में इस मामले में सरकार को निर्णय लेने का अधिकार दिया है। इसलिए शासनादेश का पालन कर पात्र शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मामले में शासन को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह करेंगे। इस दौरान प्रदेश संयुक्त मंत्री डॉ आशीष कुमार दीक्षित, जिलाध्यक्ष डॉ रामकुमार त्रिपाठी, उपाध्यक्ष, हनुमान त्रिपाठी,मनन कुमार, मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा,जिला उपाध्यक्ष मलय गुप्ता,ब्लॉक अध्यक्ष पीताम्बर पाल, अनुज द्विवेदी,अश्विनी कुमार, महेश सचान, अनिल मिश्रा, देवेन्द्र साहू,किरन,अनिल यादव,प्रदीप कुमार,अरूण कुमार झा, दिलीप गुप्ता,सहित अन्य शिक्षक शिक्षक मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर