उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर।मधुमेह का असर सिर्फ रक्त में बढ़ी शुगर तक सीमित नहीं रहता। त्वचा पर होने वाले कई बदलाव भी शरीर में बढ़ती परेशानी का संकेत दे सकते हैं। बार-बार फंगल या बैक्टीरियल संक्रमण, खुजली, त्वचा का अधिक रूखा होना, फोड़े-फुंसी, घाव का देर से भरना और पैरों पर छोटे भूरे धब्बों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये बातें त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून सचान ने रविवार को स्वरूप नगर स्थित गेंजेस क्लब में सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन एंड अवेयरनेस ऑफ डायबिटीज (एसपीएडी की मासिक जागरूकता बैठक में कहीं।उन्होंने ‘त्वचा पर मधुमेह के संकेत पहचानें : समय रहते’ विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि पैरों पर छोटे भूरे धब्बे डायबिटिक डर्मोपैथी के संकेत हो सकते हैं। वहीं गर्दन, बगल या त्वचा की सिलवटों में त्वचा का काला और मोटा होना एकैंथोसिस नाइग्रिकन्स कहलाता है। यह इंसुलिन रेजिस्टेंस से जुड़ा संकेत हो सकता है। ऐसे बदलाव दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।डॉ. प्रसून सचान ने मधुमेह रोगियों को रोज पैरों की जांच करने, छोटे घाव और संक्रमण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। उन्होंने बिना चिकित्सकीय परामर्श के स्टेरॉयड युक्त क्रीम का इस्तेमाल न करने को भी कहा।बैठक की अध्यक्षता एसपीएडी अध्यक्ष डॉ. संगीता शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि नियमित जांच,संतुलित खानपान, शारीरिक सक्रियता और अनुशासित जीवनशैली से मधुमेह की जटिलताओं को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि संस्था तीन दशक से अधिक समय से हर माह के चौथे रविवार को जागरूकता बैठक आयोजित कर रही है। अब युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक याग्निक ने किया। बैठक में डॉ. निमिषा सचान, प्रवीण सचदेव, मीना श्रीवास्तव, रंजना सक्सेना, सुधा श्रीवास्तव, इंदु पांडेय, भोला नाथ, रोहित टंडन, सीताराम खत्री, अशोक तनेजा, एसके श्रीवास्तव और विशाल शुक्ला समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.