युवा, किसान और आमजन को केंद्र में रख बीआरपी ने जारी किया घोषणा पत्र

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि)  कानपुर। भगत सिंह जयंती के अवसर पर भारतीय रक्षक पार्टी (बीआरपी) ने सोमवार को केंद्रीय कार्यालय में अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने घोषणा पत्र में युवा, किसान, महिला, व्यापारी और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देते हुए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुशासन को लेकर अपने संकल्प सामने रखे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना ने कहा कि भगत सिंह के विचारों से प्रेरणा लेकर पार्टी जनता के अधिकारों और समस्याओं को प्राथमिकता देने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र को केवल चुनावी वादों का दस्तावेज न बनाकर जनता के प्रति जवाबदेही और जिम्मेदारी के आधार पर तैयार किया गया है।
पार्टी ने युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, समय पर परीक्षाएं और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प जताया। किसानों के लिए फसलों का उचित मूल्य, ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है। महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा शिकायतों और मामलों के त्वरित निस्तारण को भी घोषणा पत्र में शामिल किया गया।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रत्येक परिवार तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाने, आम लोगों के काम समयबद्ध तरीके से कराने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के उपायों का भी उल्लेख है।
घोषणा पत्र में छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग की समस्याओं के समाधान के साथ कर संबंधी राहत, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर भी संकल्प जताए गए हैं। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप मिश्रा, जिला अध्यक्ष अनुज पांडे और प्रयागराज जिला अध्यक्ष एडवोकेट भारतेंदु दुबे समेत पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply