राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर

अंबेडकरनगर। आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ की ओर से विज्ञान को लोकप्रिय बनाने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में हो रहे विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सचल विज्ञान बस प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर परिसर में प्रधानाचार्य हरेन्द्र प्रताप यादव ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने बताया कि सचल विज्ञान प्रदर्शनी बस जिले के आठ विद्यालयों में पहुंचेगी। इसी क्रम में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आदर्श जनता इंटर कॉलेज, टांडा में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में ‘उज्ज्वल भविष्य के लिए ऊर्जा बचाएं’ विषय पर आधारित 20 स्वचालित एवं हस्तचालित मॉडल लगाए गए हैं, जिनका विद्यार्थी हैंड्स-ऑन प्रयोग के माध्यम से अनुभव कर सकेंगे।
आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ से आई टीम के प्रमुख सुयश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और व्याख्यानों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को सरल तरीके से समझाया। विज्ञान क्लब के समन्वयक निरंजन लाल ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान विज्ञान आधारित फिल्म और विज्ञान व्याख्यान भी आयोजित किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और शिक्षकों में विज्ञान के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा बढ़ने की उम्मीद है।आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। आयोजन में अनिल कुमार, शिवनारायण यादव, विकास यादव और नीरज यादव सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग किया।
You must be logged in to post a comment.