उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पढ़ाई के साथ अब स्कूलों के खिलाड़ी ताकत के मैदान में भी दम दिखाएंगे। कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से नवाबगंज स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में इंटर स्कूल बेंच प्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता एक अक्तूबर तक चलेगी। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के यूथ और सबजूनियर वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता में यूथ वर्ग में कक्षा छह से आठ और सबजूनियर वर्ग में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित पत्र और स्कूल का पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी मिलेगा। वहीं, अलग-अलग विद्यालयों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। व्यक्तिगत प्रदर्शन में सबसे आगे रहने वाले बालक और बालिका को ‘स्ट्रांग बालक’ और ‘स्ट्रांग बालिका’ की ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर बेंच प्रेस और पावरलिफ्टिंग के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है। इच्छुक खिलाड़ी अनिल कुशवाहा से 9336658975 और सौरभ राजपूत से 9389882076 पर जानकारी ले सकते हैं।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर