सचल विज्ञान प्रदर्शनी के साथ मैजिक शो ने बच्चों को किया रोमांचित

ऊर्जा संरक्षण का संदेश लेकर टांडा पहुंची सचल विज्ञान प्रदर्शनी

राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर

टांडा। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन में आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ के तत्वावधान में आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा परिसर में सचल विज्ञान बस प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रबंधक डॉ. लालजी पटेल ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘उज्ज्वल भविष्य के लिए ऊर्जा बचाएं’ रखा गया है। प्रदर्शनी में 20 स्वचालित एवं हस्तचालित प्रदर्श लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी स्वयं प्रयोग कर विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को आसानी से समझ रहे हैं। आंचलिक विज्ञान नगरी की टीम के प्रमुख सुयश कुमार सिंह, मनीष गुप्ता और प्रेम तिवारी ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने कठिन वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाते हुए विद्यार्थियों को प्रयोगों में भी शामिल किया। इससे बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि देखने को मिली। विज्ञान क्लब के समन्वयक निरंजन लाल ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान आधारित फिल्म भी दिखाई गई। इसके साथ ही चमत्कारों के पीछे छिपे विज्ञान के रहस्यों को उजागर करने वाला मैजिक शो आयोजित किया गया, जिसे बच्चों ने काफी उत्सुकता के साथ देखा। मैजिक शो के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया गया कि कई ऐसे घटनाक्रम, जिन्हें लोग चमत्कार मानते हैं, उनके पीछे वैज्ञानिक कारण और सिद्धांत होते हैं। प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विभिन्न प्रयोगों और मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में ऊर्जा के महत्व तथा इसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रदर्शों को स्वयं संचालित कर उनके कार्य करने के तरीके को समझा और टीम के सदस्यों से अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल भी पूछे। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार यादव ने बताया कि आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थी भी अपने शिक्षकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक रूप से विज्ञान को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। आयोजन में प्रधानाचार्या अनीता मौर्य, , तनवीरूल मक्की, सुशील कुमार मौर्य,संत कुमार यादव अनिल कुमार, मानस द्विवेदी, जगदीश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी के विभिन्न मॉडलों की जानकारी दिलाने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply