उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। छठ महापर्व में अब महज 17 दिन शेष हैं। ऐसे में शहर के करीब 50 नहर घाटों और कृत्रिम तालाबों पर सफाई, रोशनी और सड़कों की मरम्मत का काम जल्द शुरू कराने की मांग उठी है। केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय रहते तैयारियां पूरी कराने की मांग की।
प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग
संतोष सिंह गहमरी ने कहा कि कानपुर में छोटे-बड़े करीब 50 घाटों और कृत्रिम तालाबों पर छठ पूजा होती है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस पर्व को देखते हुए प्रशासन को अभी से तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने सीटीआई नहर, साकेत नगर नहर, रतनपुर नहर, दबौली नहर, बर्रा नहर, नौरैया खेड़ा नहर, सरसैया घाट, नमक फैक्ट्री, बड़ा और छोटा सेंटर पार्क, कमला नगर पार्क तथा प्रीतम तालाब सहित अन्य पूजा स्थलों पर सफाई कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि घाटों के आसपास गंदगी हटाने, पर्याप्त रोशनी लगाने और पूजा स्थलों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए। इससे छठ व्रतियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पूजा के दौरान परेशानी नहीं होगी।
छठ पर सार्वजनिक अवकाश की मांग भी उठाई
ज्ञापन के दौरान गहमरी ने छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि छठ पूर्वांचल और बिहार समेत देश के करोड़ों लोगों की आस्था का पर्व है। कानपुर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु परंपरागत तरीके से पूजा करते हैं। ऐसे में उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए अवकाश की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
गहमरी के मुताबिक, जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष 15 नवंबर को रविवार होने के कारण अलग से अवकाश का विशेष महत्व नहीं है। उन्होंने अगली बार छठ पर्व पर अवकाश घोषित कराने का आश्वासन दिया। गहमरी ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों को जल्द निर्देश जारी करने की अपील की, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर सकें।
ज्ञापन देने वालों में प्रभात पाल, बिल्लू सिंह, अरविंद सिंह, छोटेलाल, अभिमन्यु यादव, अमित यादव, अजय, श्यामू सिंह, करन और सोनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर