उत्तर प्रदेश (दैनिक कर्मभूमि)जौनपुर
जौनपुर – जलालपुर थाना क्षेत्र के ओइना गांव में किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, बड़ा भाई भी गंभीर रूप से घायल
बुधवार, जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के ओइना गांव में मंगलवार की शाम करीब सात बजे छेड़खानी की शिकायत करने गए किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
ओइना गांव निवासी दुर्जन के पुत्र सूरज भारती (18) और नीरज भारती (16) किसी लड़की से छेड़खानी की शिकायत करने शाम को करीब सात बजे घर से कुछ दूर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर गए थे। आरोप है कि उस व्यक्ति के दो लड़कों ने दोनों भाइयों पर चाकू से वार कर दिया। सीने के पास चाकू लगने से सूरज और नीरज लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास और परिवार के लोग भी पहुंच गए।
तब तक हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया। वहां डाक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। जबकि सूरज की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सूचना पर सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव भी पहुंच गए। सीओ का कहना है कि एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। अभीतक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
You must be logged in to post a comment.