बर्ड फ्लू की निगरानी, सतर्कता, रोकथाम आदि के संबंध में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में बर्ड फ्लू की निगरानी, सतर्कता, रोकथाम आदि के संबंध में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि बर्ड फ्लू पक्षियों में होने वाला एक विषाणु जनित संक्रामक रोग है सामान्य रूप से यह पक्षियों को ही संक्रमित करता है परंतु शूकर घोड़ो व मनुष्य को भी संक्रमित कर सकता है। स्टे्न सबसे अधिक घातक होता है जिसमें मृत्यु दर सौ प्रतिशत तक होती है भारत में स्ट्रेन प्रमुखता से पाया जाता है उन्होंने कहा कि पालतू तथा जंगली पक्षी जैसे मुर्गी, टर्की, बत्तख, कोयल, कौवा, फीजेंट आदि तथा पानी में रहने वाले पक्षियों जैसे वाइल्ड वाटर फाउल तथा समुद्री चिड़िया इस विषाणु के प्राकृतिक स्रोत हैं।उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में शासन द्वारा विभिन्न विभागों को दायित्व दिए गए हैं जिसमें पशुपालन,वन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, नलकूप, जल संस्थान, सूचना आदि विभाग शामिल है यह संबंधित विभाग अपनी कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर के पी यादव से कहा कि पोल्ट्री फार्म के लोगों के साथ एक बैठक कर रोकथाम, निगरानी व सतर्कता की व्यवस्था कराएं। डेंजर जोन, एलर्ट जोन की भी व्यवस्था कर ली जाए संक्रमित, सर्विलांस टीम के साथ जिला व तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन कर बैठक करा कर व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जो कोरोनावायरस की बीमारी के लिए हम लोग कार्य कर रहे हैं उसी प्रकार बर्ड फ्लू पर भी प्रक्रिया अपनाएं। उन्होंने बर्ड फ्लू के लक्षण, बर्ड फ्लू पर नियंत्रण, पशुपालन विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही, बर्ड फ्लू की संभावना होने पर की जाने वाली कार्यवाही, बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर की जाने वाली कार्यवाही, वायरोलॉजिकल सर्विलांस, सेरोलॉजिकल सर्विलांस आदि विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो शासन से दिशा निर्देश दिए गए हैं उस प्रक्रिया को अपनाते हुए बर्ड फ्लू के रोकथाम आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी, अपर जिलाधिकारी जी पी सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विनोद कुमार,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर के पी यादव सहित संबंधित अधिकारी तथा पशु चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट