चकलाराजरानी में श्मशान की भूमि में की जा रही है प्लाटिंग,ग्रामीणो ने प्रशासन से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट- चकलाराजरानी गांव की शमशान घाट की भूमि में राजेश कुमार जैन द्वारा प्लाटिंग किये जाने का आर टी आई कार्यकर्ता महेंद्र कुमार ओबरॉय उर्फ गुलाटी ने विरोध किया है । आरटीआई कार्यकर्ता ने उक्त मामले को लेकर एडीएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर शमशान घाट की भूमि को मुक्त कराने का मामला दायर किया है । गुलाटी ने बताया कि कर्वी तहसील क्षेत्र के चकलाराजरानी गांव के आराजी नम्बर 58 रकबा 1-014 हेक्टेयर भूमि जमींदारी टूटने के पूर्व से मरघट के रूप में ग्रामवासियों द्वारा प्रयोग की जाती थी और खसरा सन 1359 फसली में भी श्मशान के रूप में दर्ज थी जो खतौनी वर्ष 1406 लगायत 11 फसली के खाता 41में भी मरघट के रूप में दर्ज थी इधर कुछ समय से विपक्षीगण गांव के लोगो को विवादित गाटा में उपयोग करने से रोक लगा रहे है। आरटीआई कार्यकर्ता गुलाटी ने बताया कि कागजातों का मुआयना करने से ज्ञात हुआ कि न्यायालय को धोखा देकर सरकारी कर्मचारियों से मिलीभगत कर गलत तथ्यों के विपरीत अपने पक्ष में रिपोर्ट लगवाकर सेहद करा लिया है और श्मशान के खाते को खारिज करा दिया है। गुलाटी ने आरोप लगाया कि विपक्षीगण दबंग, प्रभावशाली और पूंजीपति है जिससे ग्रामीण इनका विरोध नही कर पा रहे हैं । वादी ने श्मशान की भूमि को सरकारी संपत्ति बताकर ग्रामीणों के हित में भूमि मुक्त किये जाने की मांग किया है। वादी महेंद्र ओबरॉय गुलाटी ने कहा कि 1998 के पूर्व के खसरा का मुआयना कराया जाए और शमशान की भूमि को मुक्त किया जाए जिससे सरकारी संपत्ति को भूमाफियाओं द्वारा खुर्द बुर्द न किया जा सके।

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट