सिक्स लेन पुल बिना मुआवजा के कार्य शुरू करने पर किसानों ने किया हंगामा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) प्रयागराज:- फाफामऊ के कछार में गंगा नदी पर प्रस्तावित सिक्स लेन पुल का निर्माण बिना मुआवजा दिए शुरू करने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। आज पूर्वाह्न मोरहूं में पहुंचे लोगों को किसानों के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि किसानों के हंगामे की जानकारी मिलते ही एडीएम, एसडीएम, सीओ सहित तमाम अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। उपजिलाधिकारी सोरांव ने किसानों से कहा कि सभी को मुआवजा देने के बाद ही पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
फाफामऊ में गंगा नदी पर एलीवेटेड सिक्स लेन पुल का निर्माण कार्य जनवरी माह से शुरू होना है। इसके लिए शनिवार को कार्यदायी संस्था के कुछ लोग बुलडोजर के साथ मोरहूं पहुंचे और नाप-जोख शुरू कर दी। इस दौरान खेत में जेसीबी उतारे जाने से तमाम किसानों की फसल बर्बाद हो गई। इसकी जानकारी जैसे ही किसानों को हुई, दर्जनों किसान मौकेपर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।
मोरहूं गांव के रामआसरे मौर्य, रामनारायण, रामजिवावन, मक्खनलाल, कबीरुददीन, बडक़े, रामचंद्र आदि का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण करने की नोटिस देने के बाद ही कार्य शुरू करवा दिया गया, जबकि अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया।
किसानों ने आरोप लगाया कि अभी तक अधिग्रहीत की जा रही भूमि का कोई भी मुआवजा नहीं दिया गया है और बिना मुआवजे के कार्य शुरू करवा दिया गया। यही नहीं जितनी भूमि की नोटिस दी गई, उससे कहीं अधिक पर कब्जा किया जा रहा है। इसके अलावा कार्य के दौरान कई किसानों की खड़ी फसल भी बर्बाद कर दी गई।
किसानों के हंगामे की सूचना मिलने पर एडीएम (नजूल) गंगाराम, उपजिलाधिकारी सोरांव अनिल चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी सोरांव ने मौके पर पहुंचकर किसानों मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की जमीन को चिन्हित करके सरकार द्वारा मुआवजा देने के बाद ही पुल निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

रिपोर्ट:- शिव बहादुर यादव प्रयागराज