अनियंत्रित ट्रक वैन पर पलटा, एक मासूम सहित पांच की मौत, तीन घायल, शिनाख्त के लिए पुलिस कर रही प्रयास

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इटौंजा में शुक्रवार सुबह एक बेकाबू ट्रक वैन पर पलट गया। हादसे में वैन सवार पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक इटौंजा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कुम्हरावां के पास बेकाबू ट्रक वैन पर पलट गया। हादसे में एक मासूम सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला। उनको इलाज के लिए ट्रामा सेंटर मे भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक सभी घायल व मृतक उन्नाव के रहने वाले हैं। वह लखनऊ से सीतापुर जा रहे थे। अभी तक किसी की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। परिजनों को बुलाया गया है। घायलों की स्थिति बोलने की नहीं थी। वैन में मिले कागजों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया है। उनके आने के बाद ही मृतकों और घायलों की शिनाख्त हो सकेगी। हादसे में वैन पूरी तरह से ट्रक के नीचे आ गई। घायलों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं शवों को बाहर निकालने के लिए वैन को गैसकटर से काटना पड़ा। इसके लिए अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला जा सका।

एडिटर अभिषेक शुक्ला लखनऊ