*प्रमाणपत्र के लिए वर्षों से भटक रहे दिव्यांग*

 

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

 

अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में सोमवार को आयोजित दिव्यांग शिविर में अव्यवस्था देखने को मिली। सुबह करीब आठ बजे से दिव्यांग शिविर में जांच कराने के लिए पहुंच चुके थे, परंतु चिकित्सकों की मनमानी यह कि शिविर में वे दोपहर बाद पहुंचे। इससे दिव्यांगों को घंटों चिकित्सकों के आने का इंतजार करना पड़ा। दिव्यांगों ने अस्पताल प्रशासन की इस मनमानी पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि यहां न तो बैठने के लिए कोई व्यवस्था है और न ही अन्य सुविधाएं। इसके बावजूद चिकित्सक यहां समय से उपस्थित होकर अपनी ड्यूटी के निर्वहन की जरूरत नहीं महसूस करते हैं। इससे यहां आने वाले दिव्यांगों व उनके परिजनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
चिकित्सकों की मनमानी के चलते ही यहां कोई 4 बार तो कोई 7 बार से अस्पताल का चक्कर लगा रहा है। मीडिया टीम जिला अस्पताल में आयोजित दिव्यांग शिविर का जायजा लेने पहुंची तो यहां दर्जनों की संख्या में मौजूद दिव्यांग व उनके परिजनों का दर्द छलक पड़ा। यहां कई ऐसे दिव्यांग मौजूद थे जो पिछले कई बार से प्रमाणपत्र के लिए चक्कर लगा रहे हैं, परंतु उन्हें अब तक दिव्यांग प्रमाणपत्र मुहैया नहीं हो सका है। टीम से कई दिव्यांगों ने अपना दर्द भी बयां किया।

 

 

रिपोर्ट-अरविंद कुमार राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि टाण्डा अम्बेडकर नगर