राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
महरुआ (अंबेडकरनगर): मिशन शक्ति तथा एंटी रोमियो अभियान बेदम पड़े हैं। यह हाल तब है, जब सड़कों पर मनचलों के आतंक से छात्राओं का स्कूल आना-जाना मुश्किल हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान चलाने के लिए उनके पास समय नहीं है। महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने कई अभियान चला रखे हैं, इसमें मिशन शक्ति व एंटी रोमियो दस्ता सबसे अहम है। इस समय सभी स्कूल-कालेज खुले हैं और सैकड़ों की संख्या में छात्राओं-महिलाएं का हाईवे समेत अन्य मार्गों से आना-जाना लगा रहता है। राष्ट्रीय राजमार्ग टांडा-बांदा हाईवे पर भिखारीपुर बाइपास से जनपद की सीमा तक तथा महरुआ-दोस्तपुर व भीटी मार्ग पर बाइक सवार मनचले अक्सर स्कूल आने और यहां से घर जाने के समय छात्राओं का पीछा कर उन पर अश्लील कमेंट करते हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस कान में तेल डाले बैठी है। उसके पास इन शोहदों पर कार्रवाई के लिए न समय है, न इच्छाशक्ति। पुलिस के इस रवैये से स्कूल-कालेजों के शिक्षक भी हैरान हैं। जनता इंटर कालेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र प्रसाद यादव कहते हैं कि योगी सरकार के सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद तक तो पुलिस ने जोर-शोर से अभियान चलाया लेकिन अब कहीं भूल से भी दिखाई नहीं पड़ता। छात्रा काजल, अंतिमा, अंशिका यादव, नीलम कुमारी, वंदना, सरिता, महिमा कहती हैं कि स्कूल आते-जाते समय मनचले रोजाना परेशान करते हैं, लेकिन वे सब बिना विरोध किए चुपचाप आगे बढ़ जाती हैं। इन छात्राओं ने जल्द पुलिस अधिकारियों से अभियान शुरू करने की मांग की है। भीटी सीओ रुक्मणी वर्मा ने बताया कि व्यस्तता के चलते अभियान बंद कर दिया गया था, लेकिन अब जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा।
रिपोर्ट-अरविंद कुमार राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि टाण्डा अम्बेडकर नगर
You must be logged in to post a comment.