*डेढ़ साल बाद भी टांडा में पूरा नहीं हो सका बस स्टैंड का निर्माण कार्य*

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अंबेडकर नगर

टांडा नगर में बस स्टैंड एवं डिपो कार्यशाला का निर्माण मार्च 2020 में पूर्ण होने के बजाय अभी तक पूरा नहीं हो सका है। लगभग 330.62 लाख रुपए लागत से निर्माण कार्य का दायित्व उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड कार्यदाई संस्था को सौंपा गया। 50 लाख रुपए से अधिक लागत की निर्माण परियोजनाओं की निगरानी मंडलायुक्त अयोध्या को करने का दायित्व शासन ने दिया है। बावजूद इसके निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका है, जिससे अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली उजागर हो रही है।बुनकर बाहुल्य औद्योगिक नगर टांडा में स्थित रोडवेज परिसर में बस स्टैंड एवं डिपो कार्यशाला का निर्माण कराने का प्रस्ताव स्थानीय भाजपा विधायक संजू देवी ने भेजा था, जिस के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत टांडा में बस स्टैंड और डिपो कार्यशाला के निर्माण के लिए 330.60 लाख रुपए लागत से निर्माण कार्य को करने की मंजूरी दे दी गयी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्य कराने का अनुबंध दे दिया। निर्माण कार्य को मार्च 2020 में पूर्ण करने की शर्त भी निर्धारित की थी, लेकिन निर्माण कार्य अभी भी पूरा नहीं हो सका है। पानी की टंकी का निर्माण जहां आधा अधूरा है तो वर्कशॉप में टीन शेड के साथ ही साथ अन्य कार्य भी अधूरे हैं। निर्माण कार्य समय से पूरा न होना अधिकारियों कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली को उजागर कर रहा है।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन का कहना है कि निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्य समय से पूरा करने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। निर्देश के क्रम में निर्माण एजेंसी निर्माण को पूरा करने में रुचि ले रहा है। निर्माण कार्य का निरीक्षण मंडलायुक्त ने भी पूर्व में किया है। शीघ्र ही निर्माण कार्य संपन्न हो जाएगा।

रिपोर्ट अरविंद कुमार राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि टांडा अंबेडकर नगर