विभागाध्यक्ष की तानाशाही के विरोध में किया धरना प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय(दैनिक कर्मभूमि)चित्रकूट: डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ लोक निर्माण विभाग की जिला इकाई ने सोमवार को धरना प्रदर्शन कर विभागाध्यक्ष पर हठधर्मिता और तानाशाही का आरोप लगाया। इस दौरान तय किया गया कि समस्याओं का समाधान न होने पर अगले दिन से प्रदेशस्तरीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

जनपद सचिव रजनीकांत मौर्य ने बताया कि सात जून को संगठन की केंद्रीय कार्यकारिणी ने प्रमुख अभियंता (विकास) एवं लोनिवि के विभागाध्यक्ष को ज्ञापन देकर पांच सूत्रीय मांगों के निस्तारण का अनुरोध किया था। इसके लिए 12 जून तक का समय भी दिया गया था। बताया कि विभागाध्यक्ष ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए न तो प्रतिनिधि मंडल से वार्ता की और न समस्याओ का निस्तारण किया। जबकि मुख्य सचिव ने शासनादेशों में विभागाध्यक्ष को कार्मिक संगठनों के साथ वार्ता कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश भी दिए हैं। इसके बाद भी विभागाध्यक्ष द्वारा उनके निर्देशों की अवहेलना की जा रही है। इससे आक्रोशित होकर संगठन ने सोमवार को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता रामबली गिरी ने की। इस मौके पर बसंत सिंह, अमित कनौजिया, निखिल सिंह, अजीत सिंह, अखिलेश कुमार यादव, राजधर विश्वकर्मा, जितेंद्र सत्यार्थी, कंधई लाल, शिरीन खान, प्रभु दयाल, ओमप्रकाश पटेल मौजूद रहे। जनपद सचिव ने बताया कि 21 जून तक समस्याओं का समाधान न होने पर अगले दिन से प्रदेश मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट