उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय(दैनिक कर्मभूमि)चित्रकूट। कृषि भवन सभागार में मंगलवार को उप कृषि निदेशक बाल गोविन्द यादव की अध्यक्षता व टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (बिल एण्ड मिलिण्डा गेट्स फाउण्डेशन) के सहयोग से सभी एफपीओ निदेशक, मण्डल सीईओ और कृषकों के साथ खरीफ एवं पोषक फसलों पर नियोजन व क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में जिला कृषि अधिकारी आर पी शुक्ल एवं उप निदेशक कृषि बाल गोविन्द यादव द्वारा संयुक्त रूप से एफपीओ द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा की गई एवं समस्त एफपीओ को निर्देश दिया गया कि एफपीओ में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया जाए एवं बोर्ड में महिलाओं का समागम किया जाए। कार्यशाला में टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के सदस्यों द्वारा सभी एफपीओ को खरीफ व पोषण फसलों के नियोजन विधियों एवं भविष्य के उत्पादन लागत कम किए जाने की विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक व प्रशिक्षक विजय गौतम द्वारा बीज प्रोसेसिंग व प्रोडक्शन के लिए आवश्यक नियमों की जानकारी दी गयी एवं किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती व पारम्परिक खेती को परिभाषित कर इनके मुख्य अन्तर को समझाते हुए इनकी विधियों पर समस्त एफपीओ को तकनीकी जानकारी के बारे में विस्तार से बताया गया। इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी एवं उप कृषि निदेशक द्वारा एफपीओ को खरीफ फसलों में लागत को कम करने के मुख्य तरीकों से अवगत कराया गया। कर्वी आर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा निर्मित जैविक उत्पाद जैसे महिला कृषकों द्वारा तैयार किया गया देशी अरहर की दाल एवं वर्मी कम्पोस्ट खाद को जिला कृषि अधिकारी व उप निदेशक कृषि के समक्ष प्रस्तुत किया। जिसका अवलोकन करते हुए अन्य एफपीओ को ऐसे उत्पादों को तैयार करने और बाजार में उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। जनपद स्तरीय नियोजन कार्यशाला में जनपद के समस्त एफपीओ निदेशक, सीईओ एवं कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के बाद जिला कृषि अधिकारी एव उप निदेशक कृषि के समक्ष जिला के मॉडल एफपीओ देव बाबा बायो एनर्जी फार्मर प्रोड्यूर कम्पनी लि. नादिन कुर्मियान का एफपीओ पहाड़ी मसूर एवं एफपीओ मऊ मण्डाव के बीच बिजनेस पार्टनरशिप हस्ताक्षरित कराया गया। इस मौके पर टेक्निकल सपोर्ट यूनिट के सलाहकार नसीरूद्दीन नासिर एवं अमृता गुप्ता, एफपीओ निदेशक रेवती रमण त्रिपाठी, लव सिंह, महेश प्रताप आदि मौजूद रहे।
*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.