अवैध कार्य करने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्यवाही

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: नवागंतुक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विवेक कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को कार्यभार गृहण कर लिया। उन्होंने अवैध खनन, ओवर लोडिंग तथा वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करने को कहा है। विवेक कुमार शुक्ला ने सरकार की मंशानुरूप कार्य करने की इच्छा को अपनी विशेष प्राथमिकता बताई।

उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं और झांसी, ललितपुर, लखनऊ व मिर्जापुर में अपनी सेवा देने के बाद शासन ने उन्हें चित्रकूट जनपद में उनका स्थानांतरण किया है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पूर्व वह जनपद चित्रकूट के कर्वी एवं पहाड़ी ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं और बताया कि वह मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं और चित्रकूट जनपद से उनका विशेष लगाव है। कहा कि चित्रकूट में नौकरी करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं को बताते हुए कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार की कोई अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित के खिलाफ शिकायत मिलने पर शीघ्र संज्ञान लिया जाएगा। जनता के कार्यो की लेट-लतीफी नही होनी चाहिए। लेटलतीफी होने पर संबंधित पटल सहायक की जवाबदेही होगी। उन्होंने विभाग के सभी कर्मचारियों से कहा कि जनपद में अवैध रूप से होने वाले खनन तथा गैर जनपदों से अवैध रूप से आने वाले गिट्टी, मोरंग व बालू आदि पर विशेष संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में ओवर लोडिंग पर भी पूरी तरह से अंकुश लगाते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्य सवारी वाहनों पर भी क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर वाहन चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि वह किसी के दबाव में कोई नियम विरुद्ध कार्य नही करेंगे तथा नियम के तहत ही काम किये जायेंगे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट