हर घर तिरंगा अभियान के साथ लोगों को दिलाई सपा की सदस्यता

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे देशव्यापी हर घर तिरंगा एवं समाजवादी पार्टी सदस्यता अभियान के तहत मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ नगर पालिका क्षेत्र कर्वी एवं ग्राम सभा कसहाई में कैंप लगाकर लगभग 150 से ज्यादा लोगों को सपा की सदस्यता दिलाई एवं कार्यकर्ताओं के घरों में राष्ट्रीय झंडा लगाया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष ने योगी सरकार पर कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार एवं महंगाई को लेकर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकर्ता, विधायक, सांसद और मंत्री सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। महिलाओं, मजदूर एवं गरीबों के साथ अन्याय एवं अत्याचार नहीं रुक रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा शासनकाल में महिलाएं एवं बच्चियां असुरक्षित है तथा देश के किसान, नौजवान व मजदूर बढ़ी हुई महंगाई से परेशान हैं। भाजपा नेताओं के रिश्तेदार एवं गुर्गे आम जनता के साथ गुंडागर्दी कर रहे हैं और मुख्यमंत्री उन्हीं के साथ फोटो खिंचवाते हैं। वरिष्ठ समाजवादी नेता मान सिंह पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव किसान, मजदूर, नौजवान, दलित, पिछड़े एवं महिलाओं के सर्वमान्य नेता हैं और आने-वाले नगर पालिका के चुनाव में आवाम समाजवादी पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रदान कर पूर्व की भांति भाजपा का सफाया करेगी। पार्टी प्रवक्ता सुभाष पटेल ने कहा कि भाजपा गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के हक और अधिकार खाती है। भाजपा बाबा साहब निर्मित संविधान को बदलने की साजिश कर रही है। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष साहब लाल द्विवेदी, नरेंद्र सिंह यादव, राम प्रसाद वर्मा, तीरथ प्रसाद वर्मा, रोहित यादव, गौतम वर्मा आदि मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट