उत्तर प्रदेश (दैनिक कर्मभूमि) शाहजहांपुर, थाना परौर क्षेत्र में शनिवार दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग की गई। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी दोनों पक्षों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
परौर थानाध्यक्ष सीपी सिंह के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम रूधीनंगला निवासी ओमसिंह व रविन्द्र के परिवार के बीच जमीन विवाद को लेकर तनातनी चली आ रही है। बताया जा रहा है कि बीते 13 फरवरी को दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। लेकिन गांव के कुछ लोगों ने मामले को शांत करा दिया। शनिवार को दोनों पक्ष फिर से एक-दूसरे के सामने आ गए।गाली-गलौज होने के साथ ही दोनों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। इसी बीच फायरिंग भी शुरू हो गई। गांव के लोग दहशत में आ गए। फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही दोनों पक्षों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने बचाव किया और एक पक्ष के तीन सगे भाइयों ओमसिंह, कश्मीर सिंह व कमलेश सिंह तथा दूसरे पक्ष के रविन्द्र, जयवीर व धर्मेंद्र को अवैध असलहों व कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया तथा तथा अन्य फरार आरोपियो की तलाश में जुट गई है।
रिपोर्ट विजय सिंह शाहजहांपुर
You must be logged in to post a comment.