उत्तर प्रदेश(राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ । भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के अन्तर्गत कल्ली पश्चिम ग्रामसभा में एक विशाल जनसभा की। जनसभा को प्रदेश महासचिव ॠषि मिश्रा सहित अनेकों पदाधिकारियों ने संबोधित किया और क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं को सुना। नायब तहसीलदार ने सभा स्थल पर पहुँचकर किसानों से ग्यारह सूत्री ज्ञापन लेकर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आश्वासन दिया। किसानों ने आम सहमति से तय किया कि यदि ज्ञापन में लिखित समस्याओं का 25 दिसंबर तक निराकरण नहीं किया गया तो 26 दिसंबर को तहसील में तालाबंदी कर दी जायेगी और समस्याओं के निराकरण तक अनिश्चितकालीन धरना दिया जायेगा। किसानों ने ओमेक्स कंपनी की प्रताडना के खिलाफ हुंकार भरी व प्रशासन से इनके कर्मचारियों द्वारा गिरोह बनाकर जो गुंडई की जा रही है उनके खिलाफ कार्यवाही करने का आग्रह किया है। भारतीय किसान यूनियन भानू के अजय तिवारी व हरिश्चन्द्र रावत ने बताया कि ओमेक्स कंपनी द्वारा किसानों को उनके खेतों में काम करने नहीं दिया जा रहा है, किसानों को निरंतर धमकी दी जा रही है। क्षेत्रीय लोगों के लिए जो शमशान की भूमि थी उसे भी इसी कंपनी द्वारा राजस्व के अधिकारियों की मिलीभगत से हड़प कर लिया गया। क्षेत्रीय लोग जब अपने मृतक परिजनों का दाह संस्कार करने जाते हैं तो ओमेक्स कंपनी के गुंडे किस्म के कर्मचारी पुलिस-प्रशासन से मिलकर किसानों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा देते हैं। अजय तिवारी ने कहा कि किसानों के पास दो ही रास्ते बचे हैं या तो इनके उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई लड़े या अपनी खेती-बाड़ी गंवाकर भीख मांग कर जीवन यापन करें।भारतीय किसान यूनियन भानू ने किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए एक लंबी लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है, क्षेत्रीय लोगों में ओमेक्स कंपनी व राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश है।
रिपोर्ट राजेंद्र पांडे लखनऊ उत्तर प्रदेश
You must be logged in to post a comment.