ट्रांसफार्मर चढ़ाने के दौरान बड़ा हादसा टला, चैन पुल्ली टूटने से बाल-बाल बचे संविदा कर्मी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट भरतकूप पावर हाउस के अंतर्गत अकबरपुर गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर चढ़ाने के दौरान चैन पुल्ली टूट जाने से संविदा कर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के मुताबिक, विभाग ने ट्रांसफार्मर चढ़ाने और उतारने का ठेका निजी ठेकेदारों को दिया है, लेकिन ठेकेदारों की जगह विभाग संविदा लाइनमैनों पर ही दबाव बनाकर काम करवाने में जुटा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अकबरपुर गांव में जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलने के लिए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर चढ़ाया जा रहा था। इस दौरान विभाग की लापरवाही सामने आई। ट्रांसफार्मर उठाने में इस्तेमाल की जा रही चैन पुल्ली अचानक टूट गई, जिससे भारी ट्रांसफार्मर नीचे गिरने से संविदा कर्मियों की जान पर बन आई। हालांकि, सभी कर्मचारी समय रहते पीछे हट गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग ट्रांसफार्मर लगाने-उतारने का काम ठेकेदारों को सौंपता है, लेकिन मौके पर ठेकेदारों की मौजूदगी बहुत कम होती है। विभाग के अधिकारी संविदा लाइनमैनों से ही भारी-भरकम कार्य करवाते हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ती है।

एक संविदा कर्मी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि —

> “हमसे बिना सुरक्षा उपकरणों के ट्रांसफार्मर चढ़वाया जाता है। अगर कोई हादसा हो जाए तो विभाग जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।”

ग्रामीणों ने इस घटना की जांच की मांग की है और कहा है कि बिजली विभाग ऐसे खतरनाक कार्यों में सुरक्षा के मानक सुनिश्चित करे।

 

पत्रकार ठाकुर पंकज सिंह राणा चित्रकूट