कलश लेकर झूमती महिलाएं,पवन तनय धाम में कथाआरंभ

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। सोमवार को पी रोड की रफ्तार थम गई और सड़कों पर भक्ति की लहर बह निकली। श्री पवन तनय धाम मंदिर से निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। “नैनन में श्याम समाय गौ” भजन की मधुर धुन पर जब सैकड़ों महिलाएं कलश लेकर झूमती नजर आईं,तो राहगीर, दुकानदार और स्थानीय लोग भी भक्ति भाव में ठहर गए।गांधीनगर स्थित पवन तनय धाम मंदिर से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा पी रोड तक पहुंची। श्रद्धा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ती यात्रा ने कुछ समय के लिए पूरे इलाके को कृष्ण भक्ति में रंग दिया। जय श्रीकृष्ण के उद्घोष,भजनों की गूंज और तालियों की लय से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कई श्रद्धालुओं ने मार्ग में पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया, वहीं महिलाओं की आंखों में आस्था और चेहरे पर उल्लास साफ दिखाई दे रहा था।

यह कलश यात्रा सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ का प्रतीक बनी। कथा स्थल पर पहुंचते ही विधिविधान से पूजन-अर्चन कर भागवत महापुराण का आह्वान किया गया। कथा व्यास पूज्य श्री रुद्रा कृष्णा महाराज की मधुर वाणी ने कथा को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की,जिससे श्रद्धालु पूरी तरह कथा में लीन हो गए।आयोजन गांधीनगर के पार्षद विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य शहर में आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।कार्यक्रम में धर्म प्रसार जन कल्याण समिति के पदाधिकारी, संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि शहर को आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा से भी भर देते हैं।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर