राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अंबेडकर नगर।
टांडा (अंबेडकरनगर)।
टांडा ब्लॉक के ग्राम रसूलपुर हरिजन निवासी समीर पुत्र कमलेश कुमार ने भारतीय सेना में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समीर का चयन 15 जनवरी को भारतीय सेना में हुआ। जैसे ही यह शुभ समाचार गांव में पहुंचा, पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
समीर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने के बाद आदर्श जनता इंटर कॉलेज, टांडा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान समय में वह देव इन्द्रावती महाविद्यालय में बीए की पढ़ाई कर रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ समीर पिछले एक वर्ष से लक्ष्य कोचिंग क्लासेज के माध्यम से सेना भर्ती की कड़ी तैयारी कर रहा था।
समीर के माता-पिता की शुरू से ही यह इच्छा थी कि उनका बेटा देश की सेवा के लिए भारतीय सेना में जाए। समीर तीन भाइयों में सबसे बड़ा है तथा उसकी एक छोटी बहन भी है। उसकी इस सफलता में उसके चाचा नृपेन्द्र बहादुर का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने तैयारी के दौरान लगातार मार्गदर्शन किया और उसका मनोबल बढ़ाया। आपको बताते चले समीर के पिता कमलेश कुमार ग्राम रसूलपुर के मौजूदा प्रधान भी है।
समीर के सेना में चयन की खबर मिलते ही परिवारजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। गांव में मिठाइयाँ बांटी जा रही हैं और लोग एक-दूसरे को बधाइयाँ दे रहे हैं। समीर की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समीर ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
पत्रकार अरविन्द राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि टांडा अंबेडकर नगर।
You must be logged in to post a comment.