अम्बेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया ओझा नगर गांव के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो युवक सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नितिन कन्नौजिया (22) पुत्र वीरेंद्र कन्नौजिया निवासी ग्राम भदया थाना राजेसुल्तानपुर तथा मुकुल प्रजापति (21) पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम देवारा जदीद थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। शुक्रवार रात वह मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के लिए डायल 112 वाहन को जिम्मेदार बताते हुए राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई।
बाद में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव, एसडीएम आलापुर और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
You must be logged in to post a comment.