राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अंबेडकरनगर। तहसील आलापुर क्षेत्र के थाना जहांगीरगंज अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहांगीरगंज में जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर कथित वसूली के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामले के मीडिया में उजागर होने के बाद विभाग हरकत में आया और जांच कराई गई, जिसमें अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने अधीक्षक के नाम पर उगाही करने के आरोप में कम्प्यूटर ऑपरेटर अंजनी कुमार को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया है। वहीं, मामले में संलिप्त पाई गई एएनएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर कम्प्यूटर ऑपरेटर और संबंधित एएनएम पर वसूली के गंभीर आरोप लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने जांच की जिम्मेदारी डिप्टी सीएमओ डॉ. उदयचंद को सौंपी थी।
जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी भय का माहौल देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।
You must be logged in to post a comment.