राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

शिक्षकों, छात्रों व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लोगों को किया प्रेरित, नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर
हीरापुर, अंबेडकर नगर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सत्र 2026-27 में “स्कूल चलो अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षा क्षेत्र बसखारी के प्राथमिक विद्यालय नारायनपुर मुंडेरा द्वारा एक भव्य जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
प्रभात फेरी में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां और बैनर लिए “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे नारों के साथ पूरे गांव में भ्रमण करते हुए लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते नजर आए। इस दौरान ग्रामीणों को अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया गया।
यह जागरूकता रैली एआरपी प्रमोद विश्वकर्मा, एआरपी रणविजय सिंह यादव, स्पेशल एजुकेटर अश्विनी द्विवेदी एवं प्रधानाध्यापक राम सुबास के नेतृत्व में ग्राम सभा मुंडेरा में निकाली गई। सभी ने मिलकर शिक्षा के प्रसार को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
रैली को सफल बनाने में सहायक अध्यापक अमित कुमार, निसार अहमद, जितेंद्र कुमार, आरती गौतम, सादिया खातून सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। सभी ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास के बारे में जानकारी दी।
प्रधानाध्यापक राम सुबास ने बताया कि “स्कूल चलो अभियान” का मुख्य उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक ने सभी शिक्षकों, छात्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही शिक्षा का उजियारा हर घर तक पहुंचाया जा सकता है।