आयुष सुधार की मांग लेकर राज्यपाल से मिले प्रतिनिधि

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर।आयुष क्षेत्र में सुधार की मांग को लेकर इंडियन आयुष एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनम्र सिंह और झारखंड होम्योपैथ छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष डा. प्रदीप कुमार वर्मा ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से राजभवन में मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों और आयुष चिकित्सकों से जुड़ी कई अहम समस्याएं उठाईं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 बैच से पुनर्मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिका दिखाने की व्यवस्था बंद कर दी गई है, जिससे छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है। इसे दोबारा शुरू करने की मांग की गई।इंटर्नशिप वजीफे में असमानता को लेकर भी आवाज उठाई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी और निजी आयुष कॉलेजों में वजीफे में अंतर होने से छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है,इसलिए समान वजीफा नीति लागू की जानी चाहिए।इसके साथ ही प्रदेश में आयुष अस्पतालों की संख्या बढ़ाने, स्थायी भर्ती शुरू करने और जिला अस्पतालों में आयुष चिकित्सकों के पद बढ़ाने की मांग रखी गई। उनका कहना था कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर नेक्स्ट परीक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई और आयुष व एलोपैथ छात्रों के बीच भेदभाव खत्म करने की मांग की गई। वहीं प्रदेश में आयुष कॉलेजों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि स्थानीय छात्रों को अपने ही प्रदेश में पढ़ाई का अवसर मिल सके।वेतन और पदनाम से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए आयुष सीएचओ का पदनाम बदलकर एमओ (आयुष) करने, वेतन वृद्धि, लंबित प्रोत्साहन राशि के भुगतान और सामाजिक सुरक्षा लाभ लागू करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रालय को अवगत कराया जाएगा और समाधान की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply