राम मंदिर निर्माण में योगदान देने वाली 30 विभूतियों का नागपुर में सम्मान

राम मंदिर निर्माण में योगदान देने वाली 30 विभूतियों का नागपुर में सम्मान

 

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

नागपुर, 28 अप्रैल 2026। डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय, नागपुर में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरसंघचालक मोहन भागवत ने राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 30 विभूतियों का अभिनंदन किया।

सम्मानित व्यक्तियों में फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी भी शामिल रहे, जो जनपद अंबेडकर नगर के ग्राम ओदरा, तहसील टांडा के निवासी हैं। उन्हें रामलला के वस्त्र निर्माण में विशेष सेवा के लिए पहले ही चयनित किया गया था और वे वर्तमान में भी निरंतर यह सेवा दे रहे हैं।

त्रिपाठी प्रभु रामलला के नित्य वस्त्रों के निर्माण से जुड़े हैं और प्राण प्रतिष्ठा के बाद से प्रतिदिन भगवान के लिए परंपरागत परिधान तैयार कर रहे हैं। इन वस्त्रों की खासियत यह है कि ये भारतीय पारंपरिक टेक्सटाइल और शिल्प पर आधारित होते हैं, जिन्हें श्रद्धा के साथ अर्पित किया जाता है।

उनका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वस्त्र कला को भगवान की सेवा से जोड़ना है। इसके तहत एरी, मूगा, कोटपाड, तोड़ा, भील और बनजारा जैसी विविध बुनाई शैलियों को रामलला के नित्य श्रृंगार का हिस्सा बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर सरसंघचालक ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण केवल पत्थरों का कार्य नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है, जिसमें इन सभी विभूतियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply