नारायण फ़ाउंडेशन ने थामा ज़रूरतमंद परिवार का हाथ, बेटी की शादी में किया सहयोग

नारायण फ़ाउंडेशन ने थामा ज़रूरतमंद परिवार का हाथ, बेटी की शादी में किया सहयोग

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

 

संरक्षक विवेक मौर्य के निर्देश पर संस्था ने बिटिया नीलम राजभर को गृहउपयोगी वस्तुएं सौंप कर की आर्थिक मदद

 

अम्बेडकरनगर। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय नारायण फ़ाउंडेशन ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए ज़रूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में सहयोग कर मिसाल पेश की है। भाजपा नेता एवं नारायण फ़ाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के निर्देश पर संस्था द्वारा अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेवतरिया मुस्तफाबाद, पोस्ट मुबारकपुर डैयाडीह निवासी सभाजीत राजभर की पुत्री कुमारी नीलम राजभर के विवाह में गृहउपयोगी वस्तुएँ एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

नारायण फ़ाउंडेशन की ओर से बिटिया को उपहार स्वरूप बेड, सिंगारदान, पंखा, बक्सा, रजाई, तकिया, गद्दा, कुर्सी, मेज, प्रेस, मिक्सर, चादर तथा बाथरूम सेट जैसी दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली आवश्यक वस्तुएँ भेंट की गईं। संस्था के इस सहयोग से परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला।

बताया गया कि नीलम राजभर का विवाह ग्राम रामपुर, पोस्ट जयसिंहपुर निवासी अजय राय के साथ तय हुआ है। विवाह की तैयारियों के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे परिवार ने विवेक मौर्य से संपर्क कर अपनी समस्या बताई, जिस पर उन्होंने भाई धर्म निभाते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।

इस अवसर पर विवेक मौर्य ने कहा कि समाज की गरीब बहन-बेटियों के विवाह में आर्थिक अभाव कभी बाधा नहीं बनना चाहिए। नारायण फ़ाउंडेशन सदैव ऐसे परिवारों के साथ खड़ा रहेगा और हर संभव मदद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना भी है।

उल्लेखनीय है कि विवेक मौर्य द्वारा अब तक अपने व्यक्तिगत प्रयासों से 95 से अधिक बहन-बेटियों की शादी में गृहउपयोगी सामग्री एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त पूर्व में जिला मुख्यालय अकबरपुर में नारायण फ़ाउंडेशन द्वारा वृहद सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कर 21 कन्याओं का पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया था, जिसमें नवदंपतियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान एवं उपहार भी प्रदान किए गए थे।

नारायण फ़ाउंडेशन उत्तर प्रदेश की अग्रणी समाजसेवी संस्थाओं में गिनी जाती है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क भोजन, ठहरने और परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने जैसी व्यवस्थाओं को लेकर भी संस्था प्रदेशभर में चर्चित रही है।

संस्था का “प्लास्टिक मुक्त अम्बेडकरनगर अभियान” भी जनपद में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसके अंतर्गत 25 हजार जूट बैग वितरित किए जा रहे हैं। वहीं भीषण गर्मी के दौरान फल-सब्ज़ी विक्रेताओं, मोची और अन्य जरूरतमंदों को धूप से बचाने के लिए 1100 बड़े छातों का वितरण भी किया गया था।

नारायण फ़ाउंडेशन का संकल्प है कि क्षेत्र में कोई भी छात्र पठन सामग्री के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे, गरीब बेटियों के विवाह में कोई बाधा न आए, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचे।

Leave a Reply