उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर विश्व पर्यावरण दिवस पर ख्यौरा स्थित उजियारी देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा से वंचित बच्चों की पाठशाला, उजियारी देवी मंदिर प्रबंध समिति और नागरिक सुरक्षा कोर नवाबगंज प्रखंड के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
मंदिर परिसर में गोल्ड मोहर, कनेर, आम और अमरूद के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में शामिल बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और उनकी नियमित देखभाल का जिम्मा भी लिया। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर मंदिर व्यवस्थापक मनीष त्रिपाठी, नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन राजीव सिंह, डिविजनल वार्डन धनंजय नारायण सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। धनंजय नारायण सिंह ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव सिखाना भी आवश्यक है। वहीं मनीष त्रिपाठी ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाना भी ईश्वर की सेवा का ही एक रूप है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और उपस्थित लोगों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण के लिए संयुक्त निरीक्षण करने का भी निर्णय लिया।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर