उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। महाविद्यालयों के कर्मचारियों का प्रायोगिक परीक्षाओं का पारिश्रमिक करीब पांच साल से लंबित है। वेतन विसंगति और भुगतान में देरी से जुड़ी समस्याओं को लेकर सीएसजेएम विश्वविद्यालय संबद्ध महाविद्यालय कर्मचारी एसोसिएशन ने आवाज उठाई है। गुरुवार को क्राइस्ट चर्च कॉलेज में अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजा गया।
मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि कर्मचारियों को लंबे समय से प्रायोगिक परीक्षाओं के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया है। करीब पांच साल से लंबित इस भुगतान को जल्द कराया जाना चाहिए। कर्मचारियों से काम लेने के साथ उनके देय पारिश्रमिक का समय पर भुगतान करना भी जरूरी है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर राहत देने की मांग की।
बैठक में वेतन समिति-2016 की संस्तुतियों पर पुनर्विचार कर प्रयोगशाला सहायकों के ग्रेड पे में बढ़ोतरी करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने कर्मचारियों को एसीपी के तहत ग्रेड पे का लाभ देने और शिक्षकों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा महाविद्यालयों में कर्मचारियों की कार्य अवधि निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया।
एसोसिएशन ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान होने से उन्हें राहत मिलेगी। संगठन ने सरकार से मांगपत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर उचित निर्णय लेकर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर